20/03/26

पानीपत सड़क हादसा: जीटी रोड पर भीषण टक्कर के बाद वैन में लगी आग

हरियाणा/पानीपत, 20 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के पानीपत जिले में जीटी रोड पर समालखा के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बीती देर रात उत्सव गार्डन के सामने एक तेज रफ्तार बस ने ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन में लगा सीएनजी (CNG) सिलेंडर फट गया। धमाके के साथ ही गाड़ी में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में वैन में सवार एक युवती की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।



जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की इस ईको वैन में करीब 11 मजदूर सवार थे, जो पानीपत की एक फैक्ट्री में काम करते थे। ये सभी मजदूर काम से छुट्टी लेकर ईद का त्योहार मनाने के लिए अपने घर बरेली जा रहे थे। रास्ते में जब वैन समालखा के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ईको वैन को काफी दूर तक घसीटती ले गई, जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई।



प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, ईको वैन में सवार अधिकांश यात्री तो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक युवती का पैर गाड़ी की सीट में फंस गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग चाहकर भी उसे बाहर नहीं निकाल पाए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद हाईवे पर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया गया।


पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ईको और बस दोनों के चालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर कब्जे में ले लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के नागरिक अस्पताल भेजा गया है और घायलों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


#PanipatNews #RoadAccident #HaryanaNews #Tragedy #Samalkha #GTRoad #AccidentAlert #UPNews #Bareilly #SafetyFirst

Previous

जयपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त गिरोह का पर्दाफाश

Next

हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला: भारी बारिश और ओलावृष्टि के बीच 19 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी