24/01/26

हरियाणा में मौसम का तांडव: पश्चिमी विक्षोभ से कहीं भारी बारिश तो कहीं ओलावृष्टि, रेड अलर्ट जारी

हरियाणा, 24 जनवरी (अन्नू) : उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब हरियाणा के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार को प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं ने तापमान के गणित को पूरी तरह बदल दिया है। जहां न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं अधिकतम तापमान में 8 से 12 डिग्री की भारी गिरावट आई है, जिससे दिन में भी कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है।

शुक्रवार सुबह हरियाणा के कई जिलों में बादलों की सघनता इतनी अधिक थी कि सुबह 10 बजे तक अंधेरा छाया रहा। मौसम के इस बदले मिजाज का सबसे बुरा असर सिरसा, भिवानी और फरीदाबाद में देखने को मिला, जहाँ भारी ओलावृष्टि ने रबी की फसलों (गेहूं, सरसों और चना) को काफी नुकसान पहुँचाया है। हालांकि, कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि जिन इलाकों में सिर्फ हल्की से मध्यम बारिश हुई है, वहां फसलों को फायदा भी पहुंचेगा।

यमुनानगर जिले में कुदरत का सबसे रौद्र रूप देखने को मिला। यहाँ करीब 20 एमएम बारिश और भीषण तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमादलपुर में एक फैक्ट्री की 110 फीट ऊंची चिमनी गिर गई और रादौर में बिजली की लाइनों पर लोहे के शेड जा गिरे। इस तबाही में जिले के लगभग 200 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से में घंटों बिजली गुल रही।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैथल (गुहला), कुरुक्षेत्र (पिहोवा, शाहबाद) और अंबाला में आंधी और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 जनवरी तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद, 27-28 जनवरी को एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है, जिससे ठंड और कोहरे का प्रकोप और बढ़ेगा।

#HaryanaWeather #WesternDisturbance #RainAlert #FarmerNews #WinterUpdate #IMDAlert #Haryananews #Yamunanagar #Hisar #Haryana #Ambala

Previous

आज 24 जनवरी का इतिहास

Next

आज के अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक तथा स्थानीय खेल समाचार