विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार की पत्रकार वार्ता
बी.एस. बाछल, 24 फरवरी, जयपुर।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘समावेशी विकास’ एवं ‘सर्वजन हिताय’ की संकल्पना के साथ आने वाली पीढि़यों के बेहतर भविष्य के लिए ‘ग्रीन ग्रोथ’ पर केन्द्रित बजट प्रस्तुत करते हुए ‘विकसित राजस्थान-2047’ की ओर प्रभावी कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट की सभी घोषणाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर क्रियान्वित कर प्रदेश को नया, विकसित और ‘अग्रणी राजस्थान’ बनाएंगे। युवाओं के लिए एक लाख 25 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है। सुथार रविवार को यहां जिला कलक्ट्रेट सभागार में राज्य बजट के संबंध में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं, उसमें राजस्थान की मजबूत अर्थव्यवस्था की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) बढ़कर 19.89 लाख करोड़ अनुमानित की गई है, जो अर्थव्यवस्था के लिए अच्छे संकेत है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की ओर से प्रस्तुत बजट में बुनियादी सुविधाओं के साथ गरीब, मजदूर, किसान एवं युवाओं के लिए बहुत कुछ दिया गया है। इस बजट में प्रदेश के साथ दौसा जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश है कि बजट घोषणाओं को त्वरित ढंग से धरातल पर क्रियान्वित किया जाना है। इसके लिए जहां भूमि की जरूरत होगी, वहां शीघ्र भूमि आवंटित की जाएगी और त्वरित गति से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर कार्य शुरु किए जाएंगे।
सुथार ने पेयजल, सड़क, बिजली एवं सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए किए गए बजट प्रावधानों का जिक्र करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन की अवधि 2028 तक बढ़ाकर 20 लाख घरों में पेयजल कनेक्शन देने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन (शहरी) भी प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित पीकेसी-ईआरसीपी) के लिए 9 हजार 416 करोड़ रुपए के कार्यादेश व 12 हजार 64 करोड़ रुपए की निविदाएं जारी कर इसको त्वरित गति से धरातल पर लाया जा रहा है। निःशुल्क बिजली योजना में सोलर प्लांट्स लगाने पर 150 यूनिट बिजली प्रतिमाह निःशुल्क दी जाएगी। 21 हजार किलोमीटर नाॅन पेचेबल सड़कों के कार्य के लिए 6 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रति विधानसभा 10-10 करोड़ रुपए से नाॅन पेचेबल सड़क कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने राज्य के औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए कहा कि ‘राईजिंग राजस्थान’ में किये गये एमओयू धरातल पर आना प्रारम्भ हो गए हैं। 18 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है, जिनमें से एक दौसा के बांदीकुई में विकसित होगा। विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के लिए 2 करोड़ रुपये कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पंच गौरव योजना में एक जिला-एक उत्पाद को प्रोत्साहित करने के लिए 550 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में बढ़ोतरी की गई है और आंगनबाड़ी पर आने वाले 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए सप्ताह में 5 दिन दूध की व्यवस्था की गई है।
कृषि एवं पशुपालन के लिए की गई घोषणाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिवर्ष की गई है। 2 हजार 500 से अधिक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम सेवा सहकारी समितियां बनाई जाएगी। ‘मुख्यमंत्राी मंगला पशु बीमा योजना’ में बीमित पशुपालकों की संख्या को दोगुना किया गया है। गेहूं की एमएसपी खरीद पर बोनस की राशि बढ़ाकर 150 रुपये प्रति क्विंटल की गई है।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने दौसा जिले की लिए की गई बजट घोषणाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि टूडियाना, समलेटी (महुआ) एवं भाण्डारेज, श्यालावास (सिकराय) में जीएसएस का निर्माण, नए स्टेट हाइवे, विभिन्न हाइवे का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण, बांदीकुई में रोडवेज बस स्टेण्ड सम्बन्धी कार्य, समलेटी (महुवा) में नवीन औद्योगिक क्षेत्र, आभानेरी का विकास, मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के लिए वैकल्पिक मार्ग, महुवा महाविद्यालय का क्रमोन्नयन, सालमपुर (महुवा) उप स्वास्थ्य केन्द्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नयन, महुवा जिला चिकित्सालय में बेड क्षमता में वृद्धि, उदयपुरा, रतनपुरा (रामगढ़ पचवारा) में एनिकट निर्माण एवं मरम्मत कार्य, रामगढ़ पचवारा में कृषि उपज मंडी, बांदीकुई एवं बसवा में सीवरेज गैप को चरणबद्ध रूप से कवर करने जैसी कई घोषणाएं की गई है।
इस अवसर पर बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामस्वरूप चौहान एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा उपस्थित थे।