प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से ग्रामीणों को मिला दोहरी सब्सिडी का लाभ-चंदन सैनी
जे कुमार, अम्बाला 14 अक्तूबर - उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम परिचालक मंडल नारायणगढ़ द्वारा गांव लखनोरा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार हेतु एक जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में 10 उपभोक्ताओं को योजना के अंतर्गत सब्सिडी के चैक वितरित किये गये जिन्होंने अपने घरों की छतों पर रूफ टॉप सोलर सिस्टम लगवाकर केंद्र सरकार से 60 हजार तथा हरियाणा सरकार से 50 हजार की सब्सिडी प्रत्येक लाभार्थी ने प्राप्त की है।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थी उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बड़े भाई श्री चंदन सैनी द्वारा चेक वितरित किए गए। चेक प्राप्त करने वालों में साहिल शाहपुर, फूलचंद नन्हेड़ा, करनैल सिंह बाकरपुर, नरेंद्र कुमार नन्हेड़ा, अमरीक सिंह हुसैनी से तथा ओमप्रकाश गोदौली गांव के लाभार्थी शामिल रहे, जिन्हें योजना के अनुसार हरियाणा सरकार की ओर से 50-50 हजार रूपये की राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर चंदन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर को सस्ती और पर्यावरण अनुकूल बिजली उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि आमजन को अतिरिक्त आय का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़ें और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाएं।
इस मौके पर उपमंडल अधिकारी नारायणगढ़ विकास बंसल ने उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के साथ-साथ हरियाणा सरकार की ब्याज माफी योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा दी जाने वाली 60 हजार रूपये की सब्सिडी प्रत्येक लाभार्थी के खाते में आ चुकी है।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच राजीव मेहता गांव लखनौरा, कमलजीत सैनी, जगतार, हर्ष, सुनील फोरमैन, रवि सिंह एरिया इंचार्ज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। गांव के सरपंच गुरविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने अपने गांव में कैंप आयोजित करने के लिए चंदन सैनी व विकास बंसल एसडीओ का विशेष धन्यवाद किया।
#ambala #narayangarh #news #surya-ghar-free-electricity