Uttarakhand: एक माह में केदारनाथ यात्रा से 200 करोड़ का कारोबार, हेली सेवा, घोड़ा खच्चर संचालन से अच्छी आमदनी
नई दिल्ली, 02 जून (अभी): केदारनाथ धाम की यात्रा में एक तरफ तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ नए रिकॉर्ड बन रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ कारोबार में भी रिकॉर्ड लगातार बन रहे हैं. करीब एक महीने से चल रही इस यात्रा में करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है. जिसमें होटल, हेली सेवा, घोड़ा खच्चर संचालन शामिल है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक होटल कारोबार से 100 करोड़, हेली सेवा से 35 करोड़, घोड़ा खच्चर से 40.50 करोड़ की आमदनी हुई है.
बीते 2 मई को बाबा केदार के कपाट खुले थे. प्राप्त जानकारी के मुताबिक केदारनाथ धाम में सात लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. केदारनाथ धाम यात्रा देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक है. करीब 20 किलोमीटर का कठिन पैदल मार्ग पार करने के बाद हिमालय पर्वत की गोद में बसे 11वें ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो पाते हैं. 31 मई तक 1 लाख 39 हजार 444 तीर्थयात्री घोड़े-खच्चरों के जरिए केदारनाथ पहुंचे. जिसके माध्यम से 40 करोड़ 50 लाख से अधिक आमदनी हुई. वहीं होटल कारोबार से 100 करोड़ और जीएमवीएम को विश्राम गृह व ध्यान गुफा की बुकिंग से 3.80 करोड़ से अधिक राजस्व मिला है.
वहीं केदारनाथ धाम की यात्रा में हेली सेवा की डिमांड बहुत रहती है. 31 मई तक लगभग 33000 श्रद्धालु हेली सेवाओं के जरिए बाबा केदारनाथ धाम पहुंचे हैं. इसके चलते करीब 35 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है. वहीं डंडी-कंडी संचालन से बंपर कमाई हुई है. इस साल की यात्रा में 7000 से अधिक डंडी-कंडी संचालक पंजीकृत हैं. 31 मई तक 29275 श्रद्धालु डंडी-कंडी के जरिए यात्रा कर चुके हैं, जिससे एक करोड़ 16 लाख, 89 हजार 100 रुपये की आमदनी हुई है. वहीं गंदगी फैलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन पर अलग-अलग प्रतिष्ठानों का 2,26,000 रुपये का चालान कर अर्थदंड भी वसूला गया है.