19/06/25

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अनूठी पहल, पंजाब और हरियाणा के स्मारकों पर योग दिवस आयोजित होगा

आरएस अनेजा, 19 जून नई दिल्ली

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), चंडीगढ़ मंडल, संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में अनूठी पहल के तहत 21 जून को पंजाब और हरियाणा के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) का आयोजन करेगा।

कार्यक्रम शनिवार को सुबह 6:00 बजे से 7:45 बजे तक मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री के संबोधन के सीधे प्रसारण से होगी, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों के लिए योग सत्र आयोजित किया जाएगा। योग दिवस का आयोजन स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण के रूप में योग को प्रोत्साहन देने की वैश्विक विषयवस्तु के अनुरूप है।

एएसआई इस ऐतिहासिक वर्ष की स्मृति में पांच विरासत स्मारकों पर योग सत्र का आयोजन करेगा। इसमें से चार स्थान पंजाब में और एक हरियाणा में होगा। ये सभी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 समारोहों के लिए संस्कृति मंत्रालय द्वारा चयनित 100 प्रतिष्ठित स्थलों में से हैं।

इन स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

1.बठिंडा किला, बठिंडा, पंजाब

2.शमशेर खान का मकबरा, बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब

3.महाराजा रणजीत सिंह किला, फिल्लौर, जिला जालंधर, पंजाब

4. जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक, अमृतसर, पंजाब

5.जर्जर किला (पृथ्वीराज चौहान का किला), हांसी, जिला हिसार, हरियाणा

एएसआई स्थानीय नागरिकों, छात्रों, सरकारी अधिकारियों, संगठनों के सदस्यों और आम जनता को इन ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित होने वाले समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है। यह पहल योग के शाश्वत ज्ञान को दुनिया के साथ साझा करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्वास्थ्य को जोड़ती है।

Previous

प्रधानमंत्री मोदी की क्रोएशिया यात्रा ‘गायत्री मंत्र’ और ‘वंदे मातरम’ के साथ शुरू हुई

Next

राजकोट में 16 लाख टन कचरे भरी पुरानी डंपसाइट को 20 एकड़ के हरे-भरे वन में बदला