एजेंट के जाल में फंसे अम्बाला के दो युवा रूस से डिपोर्ट हुए, ऊर्जा मंत्री अनिल विज को दी शिकायत, पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए
अम्बाला/चंडीगढ़, 9 नवंबर- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने डिफेंस कालोनी के दो युवाओं को अवैध तरीके से रूस भेजने वाले दो एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश आज पुलिस को दिए हैं।
ऊर्जा मंत्री विज आज अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। डिफेंस कालोनी निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव पंजोखरा साहिब व दयालबाग निवासी एजेंट ने उसे जॉर्जिया भेजने का झांसा दिया था और पांच लाख रुपए उससे मांगे गए। उसने पांच लाख रुपए एजेंटों को दिए, मगर उसे जॉर्जिया भेजने के बजाए उसे मक्का भेज दिया गया। जब उसने एजेंट से बात की तो एजेंट ने उसे अवैध तरीके से टूरिस्ट वीजा पर जार्जिया से रूस भेज दिया। वहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया जिसके बाद उसे दो माह जेल में रखा गया जिसके बाद हिंदुस्तान डिपोर्ट कर दिया गया। उसका आरोप था कि लगभग साढ़े 8 लाख रुपए एजेंट ने उसके साथ ठगी की है।
इसी प्रकार अन्य शिकायतकर्ता ने भी इन्हीं दोनों एजेंटों पर उसे अवैध तरीके से उसे रूस भेज ठगी के आरोप लगाए। युवक ने शिकायत में कहा कि उसे रूस भेजा गया था मगर वहां उसे वर्क परमिट नहीं मिला। उसने एजेंट से फोन पर बात की तो उसे धमकाया गया। इसके बाद रूस की पुलिस ने उसे पकड़ लिया और हिंदुस्तान डिपोर्ट कर दिया। युवक ने नौ लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। दोनों मामलों में मंत्री अनिल विज ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने अन्य मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री के समक्ष अन्य मामलों में भी कई शिकायतें आई जिनपर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। छावनी पालम विहार निवासी व्यक्ति ने घर में चोरी के मामले में महेशनगर थाना पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने की शिकायत दी, इसी प्रकार बीडी फ्लोर मील के निकट रहने वाली महिला ने पति के लापता होने के बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसे घर से बाहर निकालने, नगर परिषद में काम करने वाले कर्मी की पत्नी ने ईपीएफ राशि नहीं मिलने व अन्य शिकायतें आई जिनपर मंत्री अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
#anilvij #bjp #bjpharyana #haryanagoverment