पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़ मामले में दो पुलिस अधिकारी निलंबित, डीसी व एसपी का तबादला
आरएस अनेजा, 29 जून नई दिल्ली
पुरी में रथयात्रा के दौरान रविवार तड़के श्री गुंडिचा मंदिर के निकट मची भगदड़ मामले में ओडिशा सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रशासनिक लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों डीसीपी बिष्णु पति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, पुरी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का भी तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, चंचल राणा को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि पिनाक मिश्रा को पुरी के नए पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री अत्यंत दुखी और व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने संपूर्ण मामले की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी निगरानी राज्य के विकास आयुक्त करेंगे।
गौरतलब है कि रविवार तड़के पुरी में रथयात्रा के दौरान जब सैकड़ों श्रद्धालु श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने तीनों रथों के दर्शन को जुटे, तब भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं। प्रशासन राहत और जांच में जुटी है।