गुरुग्राम में बड़ा सड़क हादसा: फुटबॉल विश्व कप का फाइनल मैच देखकर लौट रहे दिल्ली के 2 दोस्तों की दर्दनाक मौत; युवती गंभीर
गुरुग्राम, 21 जुलाई (अन्नू): द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली निवासी दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दर्दनाक हादसा सेक्टर-93 चौकी क्षेत्र में प्रेरणा टावर (परीना सोसायटी) के पास हुआ। कार सवार तीनों दोस्त सोहना रोड स्थित एक क्लब से फुटबॉल विश्व कप का फाइनल मैच देखकर वापस दिल्ली लौट रहे थे।
ट्रक ड्राइवर ने अचानक बदली लेन और मारे इमरजेंसी ब्रेक
मृतक सक्षम के रिश्तेदार मोहित सचदेवा द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब तीनों दोस्त अपनी आई-10 (i10) कार से द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। कार को सक्षम चला रहा था।
इसी दौरान आगे चल रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक के चालक ने अचानक अपनी लेन बदल ली और बिना कोई संकेत दिए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। कार की रफ्तार तेज होने के कारण सक्षम गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और आई-10 कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तीनों लोग अंदर ही फंस गए।
उत्तम नगर व विजय विहार के रहने वाले थे मृतक, वेंकटेश्वर अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर दिल्ली के द्वारका स्थित वेंकटेश्वर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान:
दीपांक मलिक (20 वर्ष): निवासी वाणी विहार, उत्तम नगर, दिल्ली (पानीपत के कॉलेज से बीटेक सीएस थर्ड ईयर का छात्र)।
सक्षम सचदेवा (21 वर्ष): निवासी विजय विहार, दिल्ली (इवेंट मैनेजमेंट में कार्यरत)।
गंभीर घायल: प्रगति वशिष्ठ: निवासी वाणी विहार, दिल्ली (इवेंट मैनेजमेंट में कार्यरत), जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे, फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सेक्टर-93 चौकी पुलिस ने मंगलवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या के प्रयास/हादसा कारित करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
#GurugramAccident #DanikKhabar #DwarkaExpresswayAccident #GurugramNews #RoadAccident #DelhiYouths #HaryanaPolice #BreakingNews
Previous
जींद के लाल उदय भानु प्रताप ने NEET-UG 2026 में पाई AIR 363: पहले ही प्रयास में जिला किया टॉप
Next