अम्बाला में दो दिवसीय 'जिला युवा महोत्सव' शुरू, उपायुक्त ने किया उद्घाटन
जे कुमार, अम्बाला 3 नवम्बर - युवा कल का भविष्य हैं तथा जीवन में उन्होंने जो भी लक्ष्य निर्धारित किया है उसके तहत उन्हें कड़ी मेहनत करके उसे हासिल करना है। जिला युवा महोत्सव एक ऐसा मंच होता है जहां से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ते हैं। यह एक बेहतर प्लेटफार्म होता है। उपायुक्त ने यह अभिव्यक्ति जिला प्रशासन तथा युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग (हरियाणा) द्वारा पंचायत भवन अम्बाला शहर के सभागार में आयोजित जिला युवा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि अपने सम्बोधन में कहे।
इससे पहले उन्होने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीपशिखा प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उनके साथ एसीयूटी राहुल कनवरिया भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। यहां पहुंचने पर मुख्य अतिथि का आईटीआई अम्बाला शहर के प्रधानाचार्य व अन्य स्टाफगण ने पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि देश के नवनिर्माण में युवाओं का अहम योगदान होगा। इसलिए युवा अपने कौशल के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारते हुए जीवन में आगे बढ़ें। उन्होने कहा कि आज युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश व प्रदेश का नाम भी रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उस संकल्प को पूरा करने में युवाओं का भी अहम योगदान होगा।
उन्होने युवाओ से आहवान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लेकर जीवन में आगे बढें। उन्होने विभाग द्वारा यहां पर आयोजित जिला युवा महोत्सव कार्यक्रम की भी सराहना की और यहां पर हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत जो प्रस्तुतियां पेश की गई, उसकी भी सराहना की।
इस अवसर पर एसीयूटी राहुल कनवरिया ने भी मुख्य अतिथि के साथ-साथ अन्य का यहां पर स्वागत करते हुए विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि युवाओ ने यहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जो प्रस्तुति पेश की है वह बेहद ही उम्दा है। इन प्रस्तुतियों में हरियाणा की झलक साफ देखने को मिल रही है। उन्होने युवाओं से आहवान किया कि वे नशे जैसी कुरूतियों से दूर रहें। उन्होने कहा कि जिला युवा महोत्सव में यहां पर प्रतिभागियो का भाग लेना दर्शाता है कि वे हर क्षेत्र में आगे हैं।
इस अवसर पर आईटीआई अम्बाला शहर के कार्यकारी प्रधानाचार्य दिनेश राणा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि जिला प्रशासन के सौजन्य एवं युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग (हरियाणा) द्वारा यहां पर दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें अम्बाला जिले के विभिन्न आईटीआई, कालेजों व स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले रहे है। यहां पर समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन, लोक वाद्य यंत्र तथा समूह के साथ-साथ अन्य प्रतियोगिताएं शामिल है।
आज यहां पर आयोजित कार्यक्रम में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत की प्रतियोगिताएं आयोजित हुई जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी बेहतर प्रस्तुति दी। निर्णायक मंडल के तौर पर डा. हेमंत कपिल, मनजीत कौर व अमित गुप्ता ने भूमिका निभाई।
इस मौके पर प्रधानाचार्य दिनेश राणा, उप प्रधानाचार्य विनिता संधु, उप प्रधानाचार्य यशपाल ढांडा, उप प्रधानाचार्य सुल्तान, उप प्रधानाचार्य गुरचरण सिंह, आईटीआई से दीपक गोयल, धर्म सिंह, सतीश, जय नारायण, मनोज के साथ-साथ अन्य स्टाफगण, गणमान्य लोग व विद्यार्थिगण मौजूद रहे।
#ambala #News #haryana #district-youth-festival