परिवहन मंत्री अनिल विज ने समाजसेवी कीर्ति प्रसाद जैन की 95वीं पुण्य स्मृति पर अर्पित की श्रद्धांजलि
जे कुमार, अम्बाला 16 अक्तूबर - समाजसेवी कीर्ति प्रसाद जैन की 95वीं की पुण्य स्मृति के उपलक्ष्य पर विकास विहार स्थित सामुदायिक भवन में एक भव्य गुणानुवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजसेवी कीर्ति प्रसाद जैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को नमन किया।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि कीर्ति प्रसाद जैन का जीवन समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने अपने जीवनकाल में सदैव जनहित को प्राथमिकता दी और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरणास्रोत बने। विज ने परिजनों से भेंट करते हुए उनके प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि ऐसे समाजसेवियों की प्रेरणा से समाज में सेवा और समर्पण की भावना को बल मिलता है।
इस मौके पर जैन परिवार ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। परिजनों ने उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कीर्ति प्रसाद जैन के पुत्र वरुण जैन, पुत्री अनीता जैन, पुत्रवधू सीमा जैन, सुपुत्र सुशांत जैन, ग्रैंड डॉटर्स एकता जैन और आशीमा जैन, गौरव जैन, के साथ-साथ एडवोकेट संदीप सचदेवा, अतुल आहुजा, मास्टर दलीप सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कीर्ति प्रसाद जैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम के अंत में परिजनों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
#ambala #News #anilvij