होशियारपुर में भीषण सड़क हादसा: अमृतसर जा रहे हिमाचल के 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, बस से हुई सीधी भिड़ंत
पंजाब, 10 जनवरी (अन्नू ) : पंजाब के होशियारपुर जिले में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई। अड्डा दोसड़का के समीप एक अनियंत्रित पंजाब रोडवेज की बस और आई-20 कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चार निवासियों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार पांचों दोस्त अपने एक साथी को विदेश भेजने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें घेर लिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय सुखविंदर सिंह, 46 वर्षीय सुशील कुमार, 38 वर्षीय बृज कुमार और 45 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। इस भयानक एक्सीडेंट में जिस दोस्त (अमृत कुमार) को एयरपोर्ट पहुंचना था, वह गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रोडवेज की बस दसूहा से होशियारपुर की ओर आ रही थी, तभी दोसड़का के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था। इस घटना के बाद मृतकों के गांव चललेट (दौलतपुर, हिमाचल) में शोक की लहर दौड़ गई है।
#HoshiarpurAccident #PunjabRoadways #RoadAccidentNews #HimachalPradesh #UnaNews #SadNews #SafetyFirst #PunjabPolice #DanikKhabar