28/04/26

यमुनानगर में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत

यमुनानगर, 28 अप्रैल (अन्‍नू): यमुनानगर के रोडछप्पर के पास सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। 45 वर्षीय राम सहाय, जो कि अंबाला में काम कर रहे थे, किसी काम से यमुनानगर आए थे, तभी एक अज्ञात कार चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही यमुनानगर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


काम की तलाश में आए थे यमुनानगर


मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति राम सहाय करीब छह माह पहले रोजगार की तलाश में अयोध्या से हरियाणा आए थे और वर्तमान में अंबाला की एक फैक्ट्री में कार्यरत थे। सोमवार शाम को पुलिस से मिली दुखद सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पत्नी को यह स्पष्ट जानकारी नहीं है कि राम सहाय अंबाला से यमुनानगर किस काम से पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदेशा है कि वे शायद काम की तलाश में ही यहां आए होंगे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।


अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज


मामले के जांच अधिकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रोडछप्पर के पास दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया था और मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचित किया। मंगलवार को परिजनों के यमुनानगर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।



#YamunanagarNews #AccidentReport #RoadSafety #TragicDeath #HaryanaPolice #JusticeForVictim #DanikKhabar

Previous

रंगिया मंडी से जीटी रोड तक नई सड़क बनाने के लिए रेलवे से भूमि लीज पर लेने की राज्य सरकार से मिली मंजूरी : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Next

कोलकाता मनी लॉन्ड्रिंग मामला: ईडी की छापेमारी में 10 लाख नकद और सोने के गहने बरामद, जांच का दायरा बढ़ा