अम्बाला सिटी अनाज मंडी की आढ़त में चोरी: शटर उखाड़कर नकदी और सरसों पर साफ किया हाथ
अम्बाला, 25 फरवरी (अन्नू): अम्बाला सिटी की अनाज मंडी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार रात शातिर चोरों ने मंडी स्थित दुकान नंबर 16-बी को अपना निशाना बनाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर दुकान का पिछला शटर उखाड़कर भीतर दाखिल हुए और वहां रखी करीब 45 हजार रुपये की नकदी सहित दो क्विंटल सरसों चोरी कर फरार हो गए।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पीड़ित आढ़ती हरजिंद्र सिंह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान का पिछला शटर टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान व नकदी गायब थी। हरजिंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान में सीजन न होने के कारण वे शाम को दुकान बंद कर घर चले जाते हैं। 23 फरवरी की रात को भी वे सामान्य रूप से दुकान बढ़ाकर गए थे, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
#AmbalaNews #CrimeReport #GrainMarket #TheftAlert #HaryanaPolice #AmbalaCity #LocalNews