अंबाला नारायणगढ़ में पीला पंजा: गांव हुसैनी में 2.1 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर चला प्रशासन का बुलडोजर
अंबाला/नारायणगढ़, 20 मार्च (अन्नू): हरियाणा के अंबाला जिले में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार किया है। जिला नगर योजनाकार (DTP) के दस्ते ने नारायणगढ़ अर्बन एरिया के अंतर्गत आने वाले गांव हुसैनी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां लगभग 2.1 एकड़ भूमि (खसरा नंबर 19//6, 15/2, 16/1) पर अवैध रूप से बसाई जा रही एक कॉलोनी को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाइल वाली सड़कों को बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया।
इस तोड़-फोड़ की कार्रवाई के दौरान मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ पटवारी नेत्रपाल और एसएचओ (एनफोर्समेंट) भारी पुलिस बल के साथ तैनात थे, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मौके पर मौजूद जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम जनता को सचेत करते हुए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि लोग प्रॉपर्टी डीलरों के लुभावने वादों और बहकावे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉट या दुकान खरीदने में बर्बाद न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सरकारी अनुमति के विकसित की जा रही इन जगहों पर निर्माण करना पूरी तरह गैर-कानूनी है और ऐसी संपत्तियों पर कभी भी पीला पंजा चल सकता है।
प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में भी ऐसी अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी कानूनी वैधता की जांच जरूर कर लें ताकि उन्हें बाद में किसी आर्थिक नुकसान या कानूनी पेचीदगी का सामना न करना पड़े।
#AmbalaNews #Naraingarh #AntiEncroachment #DTPAmbala #IllegalColony #BulldozerAction #HaryanaPolice #PropertyAlert #Awareness #LandMafia #DanikKhabar