हरियाणा में 29 मई तक 'आग' बरसाएगा मौसम: 17 जिलों में 'सीवियर हीटवेव' का अलर्ट, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
हरियाणा/मौसम, 26 मई (अन्नू): हरियाणा में सूर्य देव के कड़े तेवरों के कारण झुलसाने वाली गर्मी लगातार अपने चरम पर पहुंच रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में आगामी 29 मई तक मौसम आमतौर पर पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सूबे में पाकिस्तान और राजस्थान की तरफ से आने वाली सीधी दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाएं (लू) चलेंगी, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
सोमवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जिसमें सिरसा जिला 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि 'सीवियर हीटवेव' (भीषण लू) तब घोषित की जाती है, जब किसी मैदानी इलाके का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाए, या फिर वहां का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक ऊपर चला जाए।
हरियाणा के इन 17 जिलों में भीषण लू का 'रेड अलर्ट', अंबाला-चंडीगढ़ में भी चलेगी हीटवेव
मौसम विभाग ने मंगलवार 26 मई के लिए राज्य के 17 जिलों में 'सीवियर हीटवेव' की गंभीर चेतावनी जारी की है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है:
भीषण लू (Severe Heatwave) वाले 17 जिले: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, fariदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद और कैथल।
लू (Heatwave) की संभावना वाले क्षेत्र: अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी तेज गर्म हवाएं चलेंगी।
सोमवार को रोहतक में 45.2 डिग्री, नारनौल में 44.2 डिग्री, भिवानी में 44 डिग्री और हिसार में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह त्रस्त नजर आया।
28 मई को आंधी-ओलावृष्टि की आशंका, 29 मई की रात से करवट बदलेगा मौसम
इस जानलेवा गर्मी और तपिश के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने उत्तर भारत के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर भी दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 से 27 मई तक तो प्रदेश में लू का भयंकर असर बना रहेगा, लेकिन 28 मई को कुछ चुनिंदा स्थानों पर तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। वहीं, 29 मई की रात से पूरे प्रदेश के मौसम तंत्र में एक बड़ा और व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा, जो 1 जून तक जारी रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ (WD) कराएगा एंट्री; हल्की से मध्यम बारिश के साथ 8 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) और पड़ोसी राज्य राजस्थान के ऊपर बनने वाले एक मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) के संयुक्त प्रभाव से मानसून पूर्व की गतिविधियां सक्रिय होंगी। इसके असर से 29 मई की रात से लेकर 1 जून तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छा जाएंगे, धूलभरी तेज हवाएं (आंधी) चलेंगी और कहीं-कहीं बूंदाबांदी से लेकर हल्की व मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जाएगी।
विशेषकर 29 और 30 मई को राज्य के कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। इस संभावित बारिश और आसमान में बादलवाही के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आएगी, जिससे जून की शुरुआत में हरियाणा वासियों को इस भीषण और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से बड़ी राहत मिल जाएगी।
#HaryanaWeather #SevereHeatwave #HaryanaRainAlert #SirsaWeather #WesternDisturbance #DanikKhabar #WeatherForecastHaryana #Summer2026 #ChandigarhWeather #HeatwaveAlert
Previous
आज 26 मई का इतिहास
Next