नारायणगढ़ में बैलगाड़ी दौड़ का रोमांच: सुखी जड़ाली ने मारी बाजी, विजेताओं पर हुई इनामों की बौछार
अम्बाला, 11 मई (अन्नू): नारायणगढ़ के गांव रछेड़ी में पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई लगभग 50 बैलगाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी रफ्तार का दम दिखाया। कड़े मुकाबले के बाद सुखी जड़ाली की बैलगाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत का परचम लहराया, जबकि रछेड़ी के उजागर सिंह दूसरे और जोहला के हिल सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के वरिष्ठ नेता हरकेश सिंह मोहड़ी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरजीत सिंह धमोली और भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के जिला मीत प्रधान नरेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अतिथियों ने इस तरह के पारंपरिक आयोजनों को ग्रामीण संस्कृति को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम बताया।
नकद पुरस्कार और सहयोग
प्रतियोगिता के आयोजक मुख्तयार सिंह बपोली ने बताया कि विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम राशि रखी गई थी। प्रथम स्थान पाने वाले को 31 हजार, द्वितीय को 21 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 16 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस आयोजन की सफलता में अमेरिका निवासी तेजिंदर पाल सिंह टिल्लू, नाहर सिंह रछेड़ी के परिवार और पूरे हल्के के लोगों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर पम्मा सिंह नंबरदार सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
#NaraingarhNews #BullockCartRace #RuralSports #HaryanaCulture #RachhediVillage #TraditionalGames #SportsUpdate #LocalNews #DanikKhabar
Previous
अंबाला नगर निगम चुनाव: एक हजार जवानों के साये में हुआ मतदान; चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा
Next