20/04/26

कुरुक्षेत्र में पोलो का रोमांच: सांसद नवीन जिंदल ने खुद कप्तानी कर दिलाई जीत, नए लुक और घोड़ों की चर्चा रही खास

कुरुक्षेत्र, 20 अप्रैल (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र के सांवला गांव स्थित सांसद नवीन जिंदल के फार्म हाउस पर रविवार को पोलो का एक रोमांचक मैच खेला गया। कुरुक्षेत्र और कैथल की टीमों के बीच हुए इस मुकाबले में सांसद नवीन जिंदल ने अपनी टीम की कप्तानी की और व्यक्तिगत रूप से सर्वाधिक 6 गोल दागकर टीम को 9-7 के अंतर से जीत दिलाई। कुरुक्षेत्र की टीम ने शुरुआत से ही अपनी पकड़ बनाए रखी। कैथल की ओर से अक्षय मलिक ने 2, आरिफ खान ने 3 और प्रणव कपूर ने 2 गोल किए, लेकिन वे जीत दर्ज करने में नाकाम रहे।


जिंदल का नया 'मूंछ लुक' और हाजिरजवाबी

इस मैच में सांसद नवीन जिंदल का नया लुक आकर्षण का केंद्र रहा। वे पहली बार मूंछों में नजर आए। खेल के बीच ब्रेक के दौरान जब उनसे मूंछों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "ये तो घर की खेती है, जब चाहो रख लो, जब चाहो छोड़ दो।" उनके इस जवाब पर वहां मौजूद दर्शक खिलखिलाकर हंस पड़े।


मैच में घोड़ों की अहमियत और तकनीक

सांसद जिंदल ने खेल के दौरान पोलो में इस्तेमाल होने वाले विशेष घोड़ों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड से मंगवाई गई 'पोली' और अर्जेंटीना से आई 'लूमेनारिया' जैसी बेहतरीन घोड़ी इस खेल का अहम हिस्सा हैं। लूमेनारिया की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह एक सेकंड में 40 फीट का फासला तय कर लेती है। जिंदल ने बताया कि एक पोलो घोड़े को तैयार करने में तीन साल से अधिक का समय लगता है और खेल के दौरान हर राउंड के बाद घोड़ा बदलना अनिवार्य होता है।



लोकसभा क्षेत्र में पोलो को बढ़ावा देने की मुहिम

नवीन जिंदल अपने संसदीय क्षेत्र में पोलो खेल को विकसित करने के उद्देश्य से ये आयोजन कर रहे हैं। चार महीने के भीतर कुरुक्षेत्र में यह दूसरा पोलो मैच था, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। 55 वर्षीय सांसद जिंदल इस मैच के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रहे। मैच के दौरान मौसम के मिजाज को देखते हुए राउंड का समय 7 मिनट के बजाय 5 मिनट रखा गया था।



#Kurukshetra #PoloMatch #NaveenJindal #SportsNews #HaryanaNews #PoloSport #Resilience #WomenReservation #DanikKhabar

Previous

Next

सीबीआई का बड़ा एक्शन: डीजीसीए के डिप्टी डायरेक्टर जनरल 2.5 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार