12/03/25

प्रधानमंत्री ने मॉरीशस के लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस पर बधाई दी

आरएस अनेजा, 12 मार्च नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के लोगों को आज उनके राष्ट्रीय दिवस पर शुभकामनाएं दीं। मोदी ने कहा, "आज के कार्यक्रमों और समारोहों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।" प्रधानमंत्री ने कल की प्रमुख बैठकों और कार्यक्रमों की मुख्य बातें भी साझा कीं।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि "मॉरीशस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं। आज के कार्यक्रमों और समारोहों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूँ। यहां कल की कुछ बातों का उल्‍लेख कर रहा हैं, जिनमें प्रमुख बैठकें और कार्यक्रम बहुत महत्‍वपूर्ण रहे हैं।…”

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धर्मबीर गोखूल ने प्रधानमंत्री मोदी को मॉरीशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन (जीसीएसके) से सम्मानित किया। यह प्रथम अवसर है जब किसी भारतीय राजनेता को यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुरस्कार को भारत और मॉरीशस के बीच विशेष मैत्री तथा भारत के 1.4 अरब लोगों और मॉरीशस में रहने वाले उनके 1.3 मिलियन भाइयों-बहनों को समर्पित किया। राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी ने परेड में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय दिवस समारोह के अवसर पर भारतीय नौसेना का एक पोत भी मॉरीशस बंदरगाह पहुंचा।

नवाचार संस्थान का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री महामहिम नवीनचन्‍द्र रामगुलाम ने मॉरीशस के रेडुइट में अटल बिहारी वाजपेयी लोक सेवा एवं नवाचार संस्थान का आज संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। भारत-मॉरीशस विकास साझेदारी के तहत कार्यान्वित यह ऐतिहासिक परियोजना मॉरीशस में क्षमता निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर जोर देती है। 2017 के एक समझौता ज्ञापन के अंतर्गत 4.74 मिलियन अमेरिकी डॉलर के अनुदान से उपलब्‍ध धनराशि से अत्याधुनिक संस्थान मंत्रालयों, सार्वजनिक कार्यालयों, अर्ध-सरकारी निकायों और सरकारी उद्यमों में मॉरीशस के सिविल सेवकों की प्रशिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करेगा। प्रशिक्षण के अलावा, संस्थान लोक प्रशासन में उत्कृष्टता केन्‍द्र के रूप में काम करेगा, अनुसंधान, शासन अध्ययन और भारत के साथ संस्थागत संबंधों को बढ़ावा देगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने आईटीईसी और भारत सरकार के छात्रवृत्ति प्राप्त पूर्व छात्रों से भी बातचीत की, जिन्होंने पहले भारत में प्रशिक्षण और शिक्षा प्राप्त की है। इन क्षमता निर्माण आदान-प्रदानों ने दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों को और गहरा किया है।

वैश्विक दक्षिण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप, यह संस्थान हिन्‍द महासागर क्षेत्र में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में भारत की भूमिका तथा व्यापक भारत-मॉरीशस साझेदारी को मजबूत करने के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस में पवित्र गंगा तालाब का दौरा किया। उन्होंने पवित्र स्थल पर पूजा-अर्चना की और त्रिवेणी संगम से लाए पवित्र जल का इसमें विसर्जन किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महाकुंभ मेले से पवित्र जल को गंगा तालाब तक लाने की पहल न केवल दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक एकता को दर्शाती है, बल्कि उन समृद्ध परंपराओं को संरक्षित करने और पोषित करने की उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है, जो दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक संबंधों की नींव हैं।

Previous

थाना अम्बाला छावनी में दर्ज चोरी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सीआईए-2 ने की कार्यवाही

Next

अम्बाला : होली पर हुड़दंगियों की खैर नहींए चप्पे.चप्पे पर रहेगी अम्बाला पुलिस की नजर