सुरों के सरताज गुरदास मान ने मनाया 68वां जन्मदिन: प्रशंसकों के प्यार के आगे नतमस्तक हुए 'मान साहब'
चंडीगढ़ 06 जनवरी (अन्नू ) : पंजाबी संगीत जगत के स्तंभ और 'लिविंग लीजेंड' गुरदास मान ने सोमवार को अपना 68वां जन्मदिवस चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर बेहद सादगी और अपनों के प्यार के बीच मनाया। कड़ाके की ठंड के बावजूद अपने पसंदीदा कलाकार की एक झलक पाने के लिए पंजाब और आसपास के राज्यों से भारी संख्या में प्रशंसक उनके घर पहुंचे। मान साहब ने भी अपने चाहने वालों का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया और उनके लिए विशेष पार्टी का आयोजन किया।
प्रशंसकों के बीच पहुंचे गुरदास मान भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने फैंस को देते हुए कहा कि आज वे जो कुछ भी हैं, वह केवल जनता के प्यार और दुआओं की बदौलत हैं। इस खास मौके पर उन्होंने अपने सदाबहार गीतों 'मणके' और 'छल्ला' की कुछ पंक्तियां गुनगुनाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। उन्होंने कहा, "मैं जो कुछ भी स्टेज पर गाता हूं, वह इन लोगों की मोहब्बत का ही नतीजा है।" उनकी पत्नी हरजीत कौर भी इस दौरान उनके साथ रहीं और उन्होंने दुआ की कि मान साहब अपनी गायकी से दुनिया का मनोरंजन करते रहें।
इस बार जन्मदिन मनाने के लिए एक नया सिस्टम अपनाया गया था, जिसके तहत प्रशंसकों के मिलने का समय निर्धारित किया गया था। मान साहब ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि पहले लोग पूरे दिन आते रहते थे, लेकिन अब समय तय होने से व्यवस्था बेहतर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशंसकों का प्यार ऐसा है कि वे न सर्दी देखते हैं और न बारिश। कार्यक्रम के दौरान मान साहब ने प्रशंसकों के साथ मिलकर केक काटा और लोगों द्वारा दिए गए गुलदस्ते और उपहारों को सप्रेम स्वीकार किया। पूरा दिन संगीत, उत्साह और दुआओं के नाम रहा।
#GurdasMaan ##PunjabiLegend #ChandigarhNews #PunjabiMusic #LivingLegend #MaanSahab #PunjabDiShaan #DanikKhabar #Punjab #MusicIndustry