गोहाना में टला बड़ा हादसा: नाके के पास अनियंत्रित होकर ड्रेन नंबर-8 में गिरी थार, लोगों ने बचाई चालक की जान
गोहाना, 14 जुलाई (अन्नू): गोहाना शहर में आज सुबह उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रोहतक रोड पर एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर ड्रेन नंबर-8 (नहर) में जा गिरी। गनीमत यह रही कि इस समय ड्रेन में पानी का स्तर काफी कम था, जिससे गाड़ी पूरी तरह पानी में नहीं डूबी और समय रहते चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस नाके के पास मोड़ते समय बिगड़ा संतुलन
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, गोहाना का रहने वाला दीपक अपनी थार गाड़ी में सवार होकर गोहाना से रोहतक की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह रोहतक रोड पर ड्रेन के पास पहुंचा, तो वहां आगे पुलिस का एक नाका लगा हुआ था। नाके के समीप गाड़ी को मोड़ते समय अचानक दीपक का थार पर से नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे सड़क से नीचे ड्रेन नंबर-8 में जा गिरी।
राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाकर बाहर निकाला
थार गाड़ी को नहर में गिरता देख नाके पर तैनात पुलिसकर्मी और आसपास से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए ड्रेन की तरफ दौड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का दरवाजा खोला और चालक दीपक को सुरक्षित बाहर निकाला। पानी कम होने की वजह से जान बच गई, लेकिन हादसे में दीपक को चोटें आई हैं। उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई थार
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलवाया और कड़ी मशक्कत के बाद ड्रेन में फंसी थार गाड़ी को बाहर निकाला। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा गाड़ी में आई किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर रफ्तार तेज होने की वजह से।
#GohanaNews #RoadAccident #TharAccident #HaryanaNews #GohanaPolice #RescueOperation #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
बुजुर्गों के सपनों को लगे पंख : 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' का शंखनाद- राजस्थान
Next