टेस्ला की भारत में धमाकेदार एंट्री, 622 किमी. रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार लांच
आरएस अनेजा, 15 जुलाई नई दिल्ली
विश्व विख्यात टेस्ला कंपनी ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारत में अपनी धमाकेदार एंट्री करते हुए पहली इलेक्ट्रिक कार मॉडल वाई को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस कर की कीमत करीब 60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की है। फुल चार्ज में इसकी रेंज 622 किमी. बताई गई है।
टेस्ला का पहला शोरूम मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स के मैक्सिटी मॉल में खुला है। ग्राहकों को इस कार की डिलीवरी इस साल सितंबर तक शुरू की जाएगी। कंपनी के ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार मॉडल वाई की बुकिंग मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम के लिए शुरू की गई है। ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार इस कार के फुल-सेल्फ ड्राइविंग वेरिएंट के लिए ग्राहकों को 6 लाख रुपये अलग से देना होगा।
इलेक्ट्रिक कार को दो अलग-अलग वैरिएंट- लॉन्ग रेंज ऑल व्हील ड्राइव और लॉन्ग रेंज रियर व्हील ड्राइव में पेश किया गया है। इसका आरडब्ल्यूडी वेरिएंट में एक सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है। इसकी सर्टिफाइड रेंज 500 किमी. बताई जा रही है। कार को 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में केवल 5.6 सेकेंड का समय लगता है। इसकी सर्टिफाइड ड्राइविंग रेंज 622 किमी है। टेस्ला ने अपनी Model Y कारों को फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया है। दावा किया जा रहा है कि यह कार केवल 15 मिनट में 238 किलोमीटर तक चलने के लिए चार्ज हो जाती है।
इसमें फॉर्वर्ड कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमर्जेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, स्पीड लिमिट असिस्ट जैसे कई फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा कार में स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग भी दिए गए हैं। कार में 15.4-इंच इंफोटेनमेंट डिस्प्ले (फ्रंट), 8-इंच रियर स्क्रीन, पावर-एडजेस्टेबल फ्रंट सीट्स और स्टीयरिंग कॉलम, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 19-इंच क्रॉसफ्लो व्हील्स, फिक्स्ड ग्लास रूफ और पावर रियर लिफ्टगेट जैसे फीचर्स दिए जा रहे हैं।