ट्रम्प ने टैरिफ बम फोड़ा, अमेरिका में विदेशी गाड़ियों पर 25% टैरिफ लगेगा
आरएस अनेजा, 27 मार्च नई दिल्ली
अमेरिका राष्ट्रपति ने गाड़ियों पर टैरिफ बम फोड़ा है, अमेरिका में अब विदेशी कारों पर 25 फीसदी टैरिफ लगेगा और इसकी घोषणा डोनाल्ड ट्रंप ने की है।
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका को ग्रेट बनाने के चक्कर में खलबली मचाए हुए हैं। कभी वह अन्य देशों पर टैरिफ बम फोड़ते हैं तो कभी अपने ही घर में नया नियम बनाकर हलचल बढ़ा देते हैं। अब गाड़ियों पर टैक्स बढ़ाने से माना जा रहा है कि इससे अमेरिका को करीब 100 बिलियन डॉलर टैक्स कलेक्शन होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि वो इम्पोर्टेड गाड़ियों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा रहे हैं। यानी अमेरिका में जो भी विदेशी गाड़ियां होंगी, उस पर 25 फीसदी टैरिफ लगेगा. व्हाइट हाउस का दावा है कि इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा. हालांकि, ये उन ऑटोमोबाइल कंपनियों पर भी आर्थिक दबाव डाल सकता है जो ग्लोबल सप्लाई चेन पर निर्भर हैं।
घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा
रिपोर्टर्स से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘इससे ग्रोथ को बढ़ावा मिलेगा. हम प्रभावी रूप से 25 प्रतिशत टैरिफ वसूलेंगे.’ व्हाइट हाउस को उम्मीद है कि इस टैरिफ से हर साल 100 बिलियन डॉलर (8609155000000 रुपए) का रेवेन्यू आएगा. हालांकि, यह उतना आसान नहीं होगा क्योंकि अमेरिकी ऑटोमोबाइल कंपनियां भी दुनिया भर से कम्पोनेंट्स मंगवाती हैं. अप्रैल से शुरू हो रही इस टैक्स वृद्धि का मतलब है कि ऑटोमोबाइल कंपनियों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है और उनकी बिक्री घट सकती है. हालांकि ट्रंप का तर्क है कि टैरिफ से अमेरिका में ज्यादा फैक्ट्रियां खुलेंगी और उनके हिसाब से जो बेतुकी सप्लाई चेन है, उसका अंत होगा. जिसमें अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ऑटो पार्ट्स और पूरी गाड़ियां बनाई जाती हैं।