22/02/26

भिवानी: जमालपुर के बाजार में दबंगई, स्कूटी गिराने को लेकर हुआ झगड़ा, बाजार बंद

हरियाणा/भिवानी, 22 फरवरी (अन्नू): हरियाणा के भिवानी जिले के जमालपुर गांव से गुंडागर्दी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मुख्य बाजार में बाइक सवार कुछ युवकों ने न केवल उत्पात मचाया, बल्कि बीच-बचाव करने आए मेडिकल स्टोर संचालक और अन्य लोगों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने रविवार को बाजार बंद रखकर अपना रोष जताया।

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

घटना की शुरुआत शनिवार को हुई, जब गांव के मुख्य बाजार में स्थित 'सेठी मेडिकल हॉल' पर मास्टर हरीश नामक व्यक्ति स्कूटी से दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तीन बाइक सवार युवकों ने जानबूझकर खड़ी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। जब हरीश ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उनके साथ बदतमीजी और बहस शुरू कर दी।

दुकान में घुसकर लोहे की रॉड से हमला

मेडिकल स्टोर के संचालक संजय ने जब इस झगड़े को शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी युवक उग्र हो गए। कुछ ही देर में वे अपने अन्य साथियों को बुला लाए, जो हाथों में लोहे की रॉड लिए हुए थे। हमलावरों ने दुकान के भीतर घुसकर मारपीट की, जिसमें संजय का बेटा प्रतीक और दवा लेने आया खुश गंभीर रूप से घायल हो गए।

सिविल अस्पताल में उपचार और पुलिस की कार्रवाई

दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद ग्रामीणों और दुकानदारों में भारी गुस्सा देखा गया। रविवार सुबह बाजार बंद रखा गया, जिसे पुलिस के आश्वासन के बाद दोपहर तक आंशिक रूप से खोला गया।

बवानीखेड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#BhiwaniNews #JamalpurVillage #HaryanaCrime #BawaniKheraPolice #MarketStrike #HaryanaPolice #LocalNews

Next

होली है सामाजिक बंधनों को मजबूत करने का पर्व- खेल  राज्य मंत्री गौरव गौतम