10/09/26

हिसार में गहराया स्वाइन फ्लू का प्रकोप: 69 वर्षीय वृद्धा की मौत के साथ सीजन में दूसरा निधन; 6 नए केस मिले, आंकड़ा 61 पहुंचा

जे कुमार हिसार, 10 सितंबर 2026 : हिसार जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) वायरस का प्रकोप तेजी से पैर पसार रहा है। उकलाना के बिठमड़ा क्षेत्र की एक 69 वर्षीय महिला की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वाइन फ्लू संक्रमण के कारण जिले में इस सीजन में यह दूसरी मौत दर्ज की गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

मासूम से लेकर बुजुर्ग तक आ रहे चपेट में:

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा के अनुसार बुधवार को आई रिपोर्ट में 6 नए मरीजों की पुष्टि हुई। नए मामलों में विद्या नगर निवासी 2 साल का बच्चा, मॉडल टाउन की 48 वर्षीय महिला, जिंदल कॉलोनी की 26 वर्षीय महिला, हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग, खेड़ी बर्की निवासी 30 वर्षीय युवक तथा हारिता गांव की 81 वर्षीय महिला शामिल हैं। इसके अलावा हांसी के एक चिकित्सक में भी संक्रमण पाया गया है।

लक्षण दिखने पर न करें लापरवाही:

नागरिक अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि बुखार के साथ लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी होने पर इसे सामान्य वायरल समझकर खुद से दवा न लें। यह वायरस संक्रमित व्यक्ति की छींक या खांसी से तेजी से फैलता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी मरीजों के संपर्क में आए परिजनों और नजदीकी लोगों की लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है।

#HisarNews #SwineFluAlert #H1N1 #HisarHealthDepartment #HaryanaHealth #HisarNewsUpdate #BreakingNews #HaryanaNews #HealthAlert

Previous

केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला: रेलवे के 7 हाई-डेंसिटी कॉरिडोर होंगे 4-लेन; ट्रेनों की देरी से मिलेगी राहत

Next

भारत-श्रीलंका रक्षा साझेदारी का ऐतिहासिक पल: 38 वर्षों में पहली बार भारत के रक्षा मंत्री श्रीलंका पहुंचे, समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण पर जोर