प्रधानमंत्री के नेतृत्व में घर-घर पहुँचा स्वच्छ भारत अभियान
एन.एस.बाछल, 03 अक्तूबर, जयपुर।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अजमेर के गांधी भवन में जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान एवं पुष्पांजलि संगोष्ठी कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को जीवन का आधार बनाकर पूरे विश्व को मार्गदर्शन दिया। उनका “स्वच्छता को जनआंदोलन” बनाने का संकल्प आज भी प्रासंगिक है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने इसे घर-घर तक पहुँचाया है।
भागीरथ चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को स्मरण करते हुए कहा कि शास्त्री का “जय जवान, जय किसान” का मंत्र सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता है। आज जब भारत आत्मनिर्भरता और कृषि-प्रधान अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब शास्त्री जी के विचार और भी अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाते हैं।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर स्वदेशी उत्पादों और खादी वस्त्रों को अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि खादी वस्त्र केवल परिधान नहीं, बल्कि स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक हैं।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan