इंडोनेशिया में तिरंगा लहराकर लौटे सुरेन्द्र कुमार: अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल में जीता गोल्ड, गांव शेरपुरा में दिवाली जैसा जश्न
जे कुमार सिरसा, 26 फरवरी 2026: हौसलों की उड़ान अगर ऊंची हो, तो शारीरिक अक्षमता भी रास्ता नहीं रोक सकती। सिरसा के गांव शेरपुरा के होनहार खिलाड़ी सुरेन्द्र कुमार ने जकार्ता (इंडोनेशिया) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इस बात को सच कर दिखाया है। 23 फरवरी को हुए कड़े मुकाबले के फाइनल में सुरेन्द्र के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
भव्य स्वागत: ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ घर वापसी जैसे ही सुरेन्द्र कुमार स्वर्ण पदक लेकर सिरसा की सीमा में दाखिल हुए, भावदीन टोल प्लाजा पर उनका नायक जैसा स्वागत किया गया। गांव के सरपंच मुकेश इंदौलिया और बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने फूल-मालाओं और बुके के साथ उनका अभिनंदन किया। जश्न का आलम यह था कि डीजे की धुनों पर युवा झूमते रहे और पूरे काफिले को गौरव के साथ गांव तक लेकर आए। रास्ते में गांव कुशुंभी के ग्रामीणों ने भी काफिले को रोककर विजेता खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।
सम्मान समारोह: युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत गांव पहुंचने पर स्थानीय गौशाला परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कोच धर्मवीर टाक, सरपंच मुकेश इंदौरा और ग्रामीण रमेश ने सुरेन्द्र की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। वक्ताओं ने कहा कि सुरेन्द्र ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता पाई जा सकती है। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर और पटाखे चलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। सुरेन्द्र की इस जीत ने न केवल सिरसा बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
#SurenderKumar #ParaThrowBall #GoldMedalist #IndonesiaChampionship #SirsaPride #VillageSherpura #InternationalSports #Inspiration #HaryanaSports #SaluteToChampion