जयपुर चाकसू में 'गुरु गोलवलकर स्वास्थ्य पखवाड़ा' का सफल आयोजन: 45 हजार से अधिक लोगों की हुई हेल्थ स्क्रीनिंग
एन.एस.बाछल, 22 मार्च, जयपुर।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के मार्गदर्शन में ब्लॉक चाकसू में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 07 मार्च से 21 मार्च 2026 तक ‘गुरु गोलवलकर स्वास्थ्य पखवाड़ा’ आयोजित किया गया। इस विशेष अभियान के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और चिकित्सा सेवाएं सीधे आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया।
इस पखवाड़े के दौरान चाकसू ब्लॉक की 24 ग्राम पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहीं। सेवाओं के विस्तार के लिए एक उप जिला अस्पताल, सात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और 21 स्वास्थ्य उप-केंद्रों को इस मुहिम से जोड़ा गया। मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने जानकारी दी कि अभियान के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, एनीमिया का उपचार और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने जैसे लक्ष्य रखे गए।
अभियान की एक बड़ी उपलब्धि गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग रही। 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के निर्धारित 56,294 लोगों के लक्ष्य में से अब तक 45,370 व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। डॉ. कुमावत ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन 50 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया था, जिसे स्वास्थ्य टीमों ने समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त, टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए संभावित रोगियों की पहचान और उनके उपचार की व्यवस्था भी की गई।
#HealthAwareness #ChaksuNews #RajasthanHealth #GuruGolwalkarSwasthyaPakhwada #PublicHealth #ScreeningCamp #TBFreeIndia #HealthyRajasthan #JaipurAdmin #MedicalServices