सहकारिता से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाये कदम
एन.एस.बाछल, 03 अक्तूबर, जयपुर।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने गुरुवार को अजमेर में अजमेर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित “सहकार सदस्यता अभियान 2025” का शुभारंभ किया।
यह अभियान 2 से 15 अक्टूबर तक चलेगा जिसके अंतर्गत ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों, युवाओं एवं महिलाओं को सहकारिता से जोड़ने, नई समितियों का गठन करने तथा सहकारी योजनाओं की जानकारी देने का कार्य किया जाएगा।
सहकारिता ग्रामीण विकास का सशक्त माध्यम-
किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री रावत ने कहा कि वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने सहकारिता सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि सहकारिता से जुड़कर ग्रामीण परिवार आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। यह अभियान ‘एक सबके लिये, सब एक के लिये’ की भावना को मूर्त रूप देगा।
अभियान के अंतर्गत निम्न कार्य होंगे-
—पैक्स विहीन ग्राम पंचायतों में पैक्स का गठन
—नवीन गोदाम हेतु भूमि आवंटन
—पीएम किसान लाभार्थियों की आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी
—महिलाओं एवं युवाओं की सहकारी समितियों में अधिकाधिक सदस्यता
—आमजन को सहकारिता कानून की जानकारी
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति सुनिश्चित करना है।
गोदाम निर्माण का शिलान्यास—
सुरेश सिंह रावत ने सहकारिता अभियान के तहत गेगल ग्राम सेवा सहकारी समिति के नवीन गोदाम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी किया। श्री रावत की अनुशंसा पर यह गोदाम 12 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत है।
विकसित राजस्थान 2047 का दृष्टिकोण—
सुरेश सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता को ग्रामीण आर्थिक आज़ादी का सशक्त साधन मानते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के साथ जोड़कर एक आदर्श मॉडल बना रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि विशेष रूप से किसान, युवा, महिलाएं और कमजोर वर्ग सहकारिता आंदोलन से जुड़ें और विकसित राजस्थान 2047 के स्वप्न को साकार करने में सहभागी बनें।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan