मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जीएमएन कॉलेज में विशेष कार्यक्रम
जे कुमार, 6 अगस्त अम्बाला : मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए जीएमएन कॉलेज अंबाला कैंट के मनोविज्ञान विभाग, मानसिक स्वास्थ्य क्लब, मनोवैज्ञानिक परामर्श केंद्र और छात्र सेवा केंद्र द्वारा संयुक्त प्रयास में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 6 अगस्त को वह तिथि माना जाता है जब 2010 में भारत में पहला अनौपचारिक मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता दिवस मनाया गया था।
इस कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अनुपमा सिहाग ने मानसिक स्वास्थ्य क्लब का गठन किया, जिसका उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर समर्थन प्रदान करना रहा। मानसिक स्वास्थ्य क्लब के नए सत्र के सदस्यों में शामिल प्रथम वर्ष से सृष्टि और जेसिका, द्वितीय वर्ष से रिद्धि और दशमीत एवं अंतिम वर्ष से महक और मनप्रीत ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने मानसिक स्वास्थ्य क्लब के नए सत्र के सदस्यों को उनके आगामी कार्यों के लिए शुभकामनाएं भेजी और कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और छात्रों को इसके महत्व के बारे में शिक्षित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. सिहाग ने कहा, मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है, और हमें इसके प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से, हम छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा करने और इसके प्रति जागरूक करने के लिए एक मंच प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र नैन ने एक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में कॉलेज के छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को बढ़ावा देने के लिए नारे लगाए और पोस्टर प्रदर्शित किए।इस अवसर पर डॉ. बृजेश, डॉ. तृप्ति, डॉ. अमिता और प्रयोगशाला सहायक अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की और छात्रों को इसके प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा करना और छात्रों को इसके प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा की।
#gmncollege #ambala #haryana #education #mental health