28/02/26

सोनीपत: गाड़ी के बकाया 10 हजार रुपये मांगने पर युवक पर गंडासी से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

हरियाणा/सोनीपत, 28 फरवरी (अन्‍नू): हरियाणा के सोनीपत जिले के अंतर्गत गोहाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में महज 10 हजार रुपये के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुरानी गाड़ी की बिक्री के बाद बाकी बची रकम मांगने गए एक युवक पर धारदार हथियार (गंडासी) से जानलेवा हमला किया गया है। पीड़ित अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने करीब एक महीना पहले अपने ही गांव के राहुल उर्फ लेफ्टी को अपनी गाड़ी बेची थी। सौदे के 10 हजार रुपये बकाया थे, जिसे देने के बहाने आरोपी ने सुबह उसे अपने घर बुलाया था।


जैसे ही अमित अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ आरोपी के घर पहुँचा, वहां पैसों के लेनदेन को लेकर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि राहुल ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और पास रखी गंडासी से अमित के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान अमित लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले गोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए खानपुर स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज (PGI) रेफर कर दिया है।


चिकित्सा जांच में अमित के सिर पर तेजधार हथियार के दो गहरे घाव होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राहुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 351(2) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।



#SonipatNews #GohanaCrime #HaryanaPolice #AttackNews #CrimeAlert #BNS #MedicalCollegeKhanpur

Previous

राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है- ऊर्जा मंत्री मध्यप्रदेश

Next

अंबाला: विदेश भेजने के नाम पर अपनों ने ही की ₹31.50 लाख की ठगी, शहजादपुर पुलिस ने दर्ज किया केस