30/03/26

सोनीपत: महादेव मार्केट में 'फिल्मी स्टाइल' में लूट, दुकानदार को बंधक बनाकर नकदी और सोने की चेन लेकर फरार हुए बदमाश

सोनीपत, 30 मार्च (अन्‍नू): औद्योगिक क्षेत्र कुंडली की महादेव मार्केट में रविवार शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। यहाँ दो अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक मनी ट्रांसफर की दुकान को निशाना बनाया और दुकानदार को बंधक बनाकर बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से लूटपाट कर फरार हो गए।


ग्राहकों के रूप में आए थे लुटेरे
पीड़ित दुकानदार रीतोष दुबे, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा के रहने वाले हैं, महादेव मार्केट में ‘परनामी कम्युनिकेशन’ नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे दो युवक उनकी दुकान पर आए और 1 लाख रुपए ट्रांसफर करने के चार्ज के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दोनों चले गए, लेकिन शाम करीब 7 बजे वे दोबारा दुकान पर पहुँचे और पैसे ट्रांसफर करने की बात कही।


कनपटी पर कट्टा तानकर दी धमकी
रीतोष के अनुसार, जैसे ही उन्होंने ट्रांजैक्शन की प्रक्रिया शुरू की, एक युवक ने अपने बैग से कट्टा निकालकर उनकी कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उन्हें जबरदस्ती उठाकर दुकान के कोने में कुर्सी पर बैठा दिया और उनके हाथ, पैर और मुँह को प्लास्टिक टेप से कसकर बांध दिया। बदमाशों ने दुका की दराज खंगाली और उसमें रखे 1 लाख 20 हजार रुपए नकद और करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन लूट ली।


दुकान को बाहर से लॉक कर हुए फरार
वारदात के बाद आरोपी दुकान के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए, ताकि पीड़ित तुरंत बाहर न निकल सके और शोर न मचा पाए। काफी मशक्कत के बाद रीतोष ने अपने हाथ-पैर खोले और अपने दोस्त अमित को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दुकान में रखी दूसरी चाबी से दरवाजा खोलकर वे बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की तस्वीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। पुलिस ने रीतोष दुबे की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान से भागते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है।



#SonipatNews #CrimeUpdate #Robbery #HaryanaNews #MarketSecurity #MoneyTransferLoot #CCTV #Justice #TraderAlert #BNS #DanikKhabar

Previous

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्यामजी कृष्ण वर्मा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

Next

करनाल: नीलगाय से टकराकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, लाडवा से घर लौटते समय हुआ हादसा