सोनीपत: घर में घुसकर दंपती पर जानलेवा हमला, लूटपाट और प्लॉट कब्जे की धमकी; पुलिस ने दर्ज किया केस
हरियाणा/सोनीपत, 24 फरवरी (अन्नू): सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव बड़ी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक दंपती पर उनके घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता प्रियंका ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि नकदी, मोबाइल फोन और सोने के जेवर भी लूट लिए। इस हमले के दौरान दंपती को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए उच्च संस्थान में रेफर करना पड़ा।
घटनाक्रम के अनुसार, सोनीपत के गांव बड़ी की निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संजू, उसकी पत्नी अर्चना और अन्य परिजनों ने मिलकर साजिश के तहत उनके घर पर लाठी-डंडों से धावा बोल दिया। आरोपियों ने प्रियंका और उसके पति को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके पति की आंख और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का कहना है कि हमलावर 7 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और उसके कान की सोने की बाली भी छीन ले गए। जाते समय आरोपियों ने उनके 100 वर्ग गज के प्लॉट पर कब्जा करने और होली तक जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। घटना के बाद घायल दंपती को पहले गन्नौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में पति की पसली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। पीड़िता ने बताया कि इस खौफनाक मंजर को देखकर उनके दो छोटे बच्चे भी बुरी तरह सहम गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने स्थानीय थाने पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। न्याय न मिलने पर उन्होंने सोनीपत के पुलिस आयुक्त (CP) से गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद अब थाना HSIDC बड़ी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
#SonipatNews #CrimeUpdate #HaryanaPolice #Gannaur #JusticeForVictim #BNS #LawAndOrder