जीएमएन कॉलेज की एन.एस.एस. इकाइयों द्वारा लघु फिल्म की स्क्रीनिंग
जे कुमार, अम्बाला 29 सितम्बर - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अंबाला छावनी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाइयों द्वारा सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स (एसएचजी) पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म में आत्मनिर्भरता, सामुदायिक सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास में एसएचजी की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एसएचजी के महत्व से परिचित कराना तथा उनके जीवन पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को उजागर करना था। कार्यक्रम में एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और प्रतिभागियों को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मनिर्भरता के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संबोधन में कहा—“सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स ग्रामीण और शहरी समाज में परिवर्तन के महत्वपूर्ण साधन हैं। ये न केवल महिलाओं और युवाओं को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और सामूहिक सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं।
शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को केवल अकादमिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ें। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज और इसकी सभी एन.एस.एस. इकाइयाँ निरंतर विद्यार्थियों एवं समाज को आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करती रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्रपाल पूनिया और डॉ. पिंकी गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों में नैतिक आचरण तथा दूसरों की मदद करने की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करते हैं कि वे सदैव समाज सेवा और सहयोग के लिए तत्पर रहें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.एस.एस. के सदस्य श्याम रहेजा, हर्षिता लाम्बा एवं गीती बिंद्रा की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
#ambala #News #gmncollege