हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर: पारा 44 डिग्री के पार, 26 अप्रैल से बारिश और राहत की उम्मीद
हरियाणा/मौसम, 25अप्रैल (अन्नू): हरियाणा में इन दिनों सूरज की तपिश आम जनजीवन को झुलसा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया, जिससे गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, रोहतक में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है। प्रदेश के 13 प्रमुख शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच चुका है, जिनमें सिरसा (43.4°C), फरीदाबाद (43.5°C), हिसार (42.9°C) और नारनौल (42.8°C) प्रमुख हैं।
लू और वॉर्म नाइट का अलर्ट
भीषण गर्मी और 'हीटवेव' जैसी स्थितियों के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में लू चलने और रातें गर्म (वॉर्म नाइट) रहने की संभावना जताई गई है। फिलहाल औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना
विशेषज्ञों के अनुसार 25 अप्रैल की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से 26 अप्रैल की रात से 29 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस बदलाव के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
किसानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बदलते मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं और जौ की कटाई व थ्रेसिंग का काम जल्द से जल्द पूरा कर लें और अनाज को सुरक्षित ठिकानों पर रखें। अगले 3-4 दिनों के लिए कपास, मूंग, उड़द और सब्जियों की बुवाई टालने तथा आगामी तीन दिनों तक कीटनाशकों का छिड़काव न करने का परामर्श दिया गया है। पशुपालकों से भी अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को दिन के समय छायादार स्थानों पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाकर 'हीट स्ट्रेस' से बचाएं।
#HaryanaHeatwave #WeatherUpdate #HaryanaWeather #HeatstrokeAlert #FarmersAdvisory #MonsoonUpdate #SummerHeat #RohtakWeather #HaryanaAgriculture #DanikKhabar
Previous
दैनिक खबर: आज 25 अप्रैल, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार
Next