वरिष्ठ नागरिकों का सहारा साबित हो रहा सक्षम जयपुर अभियान
एन.एस.बाछल, 02 अक्तूबर, जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जयपुर जिले में संचालित सक्षम जयपुर अभियान वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहारा साबित हो रहा है। अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को जामड़ोली स्थित सामाजिक न्याय संकुल में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। सांसद श्रीमती मंजू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक बी.पी. चंदेल ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशों की अनुपालना में सक्षम जयपुर अभियान के तहत आयोजित हुए विशेष शिविर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया है। समारोह का आयोजन जिला प्रशासन एवं केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
उन्होंने बताया कि सक्षम जयपुर अभियान के तहत गत 8 अगस्त से 23 सितम्बर तक जिले की सभी पंचायत समिति व नगर निकाय मुख्यालयों पर चिन्हीकरण शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में 1040 वरिष्ठ नागरिक चिन्हित किए गए जिन्हें कुल 5600 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। जिनमें व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र, सेकल बेल्ट, नी-ब्रॉस, बैसाखी और सर्वाइकल कॉलर आदि शामिल हैं। वहीं, समारोह में अतिथियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan