रोहतक: होली का मामूली झगड़ा बना कत्ल की वजह, गांव फरमाणा में युवक की निर्मम हत्या का खुलासा
हरियाणा/रोहतक, 30 मार्च (अन्नू): जिले के महम ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले गांव फरमाणा में 28 मार्च को हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझती नजर आ रही है। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों से यह साफ हुआ है कि युवक मोहित की हत्या के पीछे होली के दिन हुआ एक मामूली विवाद था। रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
वारदात का खौफनाक मंजर मृतक मोहित के परिजनों के अनुसार, 26 मार्च की शाम उसे कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि पहले मोहित को नशा कराया गया, फिर शॉल से उसका गला घोंटा गया और सिर पर पत्थरों से वार किए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी वारदात के बाद घर गया और वहां से तेजधार हथियार लेकर दोबारा खेत पहुँचा, जिससे उसने मोहित की गर्दन काटकर धड़ से अलग कर दी। 28 मार्च की सुबह खेत में मोहित का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुरानी रंजिश और पुलिस कार्रवाई परिजनों ने बताया कि होली के दिन मोहित और गांव के ही हंसा नाम के युवक के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि तब मामला शांत हो गया था, लेकिन हंसा ने इस रंजिश को मन में रखा और मौका मिलते ही अपने साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महम थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी (SHO) रविंद्र ने बताया कि इस केस में 'मंगल' नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है ताकि अन्य फरार आरोपियों और हत्या में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
#RohtakNews #CrimeUpdate #MehamNews #HaryanaPolice #JusticeForMohit #FarmanaVillage #CrimeNews #DanikKhabar