रेल यात्रियों के लिए राहत: गर्मी की छुट्टियों में बढ़ेगी ट्रेनों की क्षमता, दून और जम्मूतवी समेत कई ट्रेनों में लगेंगे एक्स्ट्रा कोच
अंबाला, 18 अप्रैल (अन्नू): अंबाला और आसपास के क्षेत्रों से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को नियंत्रित करने के लिए पूर्व रेलवे ने प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 18 अप्रैल से प्रभावी कर दी गई है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, हावड़ा, सियालदह और कोलकाता से प्रस्थान करने वाली आधा दर्जन महत्वपूर्ण ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि जिन यात्रियों की टिकट कंफर्म नहीं हो पा रही थी, उन्हें आसानी से सीट मिल सके।
इन प्रमुख रूटों पर मिलेगी अतिरिक्त सीटें
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार, उत्तर भारत की ओर आने वाली कई ट्रेनों की क्षमता में विस्तार किया गया है। ट्रेन नंबर 13009 हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी (AC 3-Tier) और एक स्लीपर कोच बढ़ाया गया है। इसी तरह, ट्रेन संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस में भी एक-एक स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, सियालदह-बलिया एक्सप्रेस और सियालदह-जयनगर गंगा सागर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में एक-एक जनरल कोच की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम यात्रियों का सफर सुगम हो सकेगा।
#IndianRailways #AmbalaRailway #ExtraCoach #SummerTravel #RailwayUpdate #ConfirmTicket #TravelNews #IndianRailwaysNews
Previous
अंबाला रेलवे अस्पताल में 'बिना आग' की कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन: स्वस्थ खानपान के प्रति जगाई अलख
Next