हरियाणा में बारिश का अलर्ट: 11 जिलों में तेज हवाओं और भारी वर्षा की चेतावनी
जे कुमार, अम्बाला 6 अक्तूबर - हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 11 जिलों में अगले दो दिनों तक तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पंचकुला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, कैथल, पनिपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अगले 48 घंटे तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान कई स्थानों पर बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में खड़ी फसलों को सुरक्षित रखें और खुले में रखी उपज को ढककर रखें। वहीं, लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और पुराने निर्माणों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 7 अक्टूबर तक बनी रह सकती है, जिसके बाद धीरे-धीरे मौसम में सुधार आने की संभावना है।