फेडरेशन ऑफ सीनियर सिटीजन एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की त्रिमासिक बैठक सम्पन्न
जे कुमार अम्बाला शहर, 12 जनवरी 2026 : फेडरेशन ऑफ सीनियर सिटीजन एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की त्रिमासिक बैठक सोमवार को अंबाला शहर में सम्पन्न हुई, जिसमें हरियाणा भर से सैकड़ों पेंशनरों ने भाग लिया। बैठक की शुरुआत सभी पेंशनरों द्वारा हरियाणा सरकार को नववर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ हुई। इस अवसर पर आशा व्यक्त की गई कि राज्य सरकार अब पेंशनरों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान निकालेगी।
बैठक में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री हरियाणा से समय देकर पेंशनरों की समस्याएं विस्तार से सुनने की मांग की। उपस्थित पेंशनरों ने आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं पर विशेष चिंता जताई। बताया गया कि वर्ष 2012 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों का रिकॉर्ड अब तक सीएससी सेंटर में उपलब्ध न होने के कारण उनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, जबकि इस संबंध में सरकार पहले ही अधिसूचना जारी कर चुकी है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि सूचीबद्ध कई अस्पताल आयुष्मान कार्ड को मान्यता नहीं दे रहे हैं, जिस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
प्रधान बलदेव राज आनंद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 में प्रोराटा प्रणाली समाप्त कर अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन निर्धारित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन हरियाणा सरकार ने इसे अभी तक लागू नहीं किया है। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव (पेंशन) को पत्र लिखे जाने के बावजूद कोई निर्णय नहीं लिया गया।
बैठक में अन्य मांगों में 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि, फैमिली पेंशनरों को एलटीसी व मेडिकल सुविधा, बैंकों द्वारा घटाई गई ब्याज दरों के कारण कम्यूटेशन कटौती अवधि 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष करने तथा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा पेंशनरों के पक्ष में दिए गए फैसलों को शीघ्र सामान्य रूप से लागू करने की मांग शामिल रही।
सभा में साधु सिंह, सुदर्शन शर्मा, गुलशन कुमार, सुरेन्द्र शर्मा, गुरमेल सिंह, एससी कुमार, तेजिन्दर सिंह, जयराम दास, एस. गुलाटी, वीना रानी, उषा दूबे, जगजीत कौर, कर्म सिंह, शांति देवी, शकुंतला देवी, बृजमोहन, अजय बक्शी, जीवन प्रकाश, कान्ता रानी, किरण बाला, हरपाल सिंह, रिटायर्ड बीडीपीओ प्रताप सिंह, मोहन लाल, रमेश प्रभाकर, कुलवन्त सिंह, भूपिन्द्र कुमार, श्याम लाल, कमलेश कुमारी, सावित्री देवी सहित अनेक पेंशनर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
#AmbalaNews #PensionersMeet #HaryanaGovernment #AyushmanBharat #SeniorCitizenRights #PensionersWelfare #BaldevRajAnand #SocialJustice #HaryanaPolitics