पंजाब यूनिवर्सिटी हत्याकांड: 4 साल बाद प्रोफेसर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 6 मार्च से शुरू होगी अदालती सुनवाई
चंडीगढ़, 03, मार्च (अन्नू ): चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) परिसर में साल 2021 की दिवाली की रात हुए चर्चित सीमा गोयल हत्याकांड में अब न्याय की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी और पीयू के बिजनेस स्कूल के प्रोफेसर भरत भूषण गोयल के विरुद्ध जिला अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। अदालत ने इस पूरे मामले की औपचारिक सुनवाई के लिए 6 मार्च की तारीख मुकर्रर की है, जिससे मृतका के परिवार को इंसाफ की उम्मीद जगी है।
नवंबर 2021 में हुई इस वारदात ने पूरे कैंपस को झकझोर कर रख दिया था, जब प्रोफेसर के सरकारी आवास से उनकी पत्नी सीमा गोयल का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला था कि हत्यारों ने सीमा के हाथ-पांव बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर बड़ी बेरहमी से गला दबाकर उनकी जान ली थी। हालांकि, आरोपी ने इस पूरी घटना को लूटपाट का रूप देने की पुरजोर कोशिश की थी। उसने पुलिस को गुमराह करते हुए कहानी सुनाई थी कि वह ऊपरी मंजिल पर सो रहा था और सुबह नीचे आने पर उसने पत्नी को मृत पाया। प्रोफेसर का दावा था कि लुटेरे जाली काटकर घर में घुसे और वारदात के बाद फरार हो गए।
पुलिस को आरोपी की कहानी पर शुरू से ही संदेह था क्योंकि क्राइम सीन पर कई विसंगतियां पाई गई थीं। फोरेंसिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि रसोई की जाली बाहर से नहीं बल्कि अंदर से काटी गई थी। साथ ही, घर का सामान बिखरा होने के बावजूद कोई भी कीमती वस्तु गायब नहीं थी, जो लूट के दावे को पूरी तरह झुठला रही थी। इसके अलावा, ताले की 'डुप्लीकेट चाबी' को लेकर प्रोफेसर और उनकी बेटी के बयानों में भारी विरोधाभास मिला, जिससे शक की सुई सीधे पति पर जाकर टिक गई।
इस पेचीदा गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को करीब चार साल का लंबा समय लगा। आरोपी की गिरफ्तारी में वैज्ञानिक साक्ष्यों ने अहम भूमिका निभाई। जुलाई 2025 में प्रोफेसर का बीईओएस (ब्रेन इलेक्ट्रिकल ऑसिलेशन सिग्नेचर) और पालीग्राफ टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर दिसंबर 2025 में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दंपति के बीच अक्सर अनबन रहती थी और आरोपी ने वारदात के तुरंत बाद पुलिस को सूचित करने के बजाय पड़ोसियों को बुलाकर सहानुभूति बटोरने का प्रयास किया था। अब सभी की नजरें 6 मार्च से शुरू होने वाली कोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हैं।
#ChandigarhNews #PUHomicide Case #SeemaGoyalMurder #JusticeForSeema #PunjabUniversity #CrimeUpdate #LegalNews #ChandigarhPolice