15/02/26

पंजाब: दो मासूमों की मौत, एक खामोश गांव और कांपती हुई ममता: जब पुलिस ने खंगाला 'मौत का सच' तो कांप उठी सबकी रूह

पंजाब/बठिंडा, 15 फ़रवरी (अन्‍नू): पंजाब के बठिंडा जिले के थाना फूल के अंतर्गत आने वाले गांव फूलेवाला से ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे अपने ही दो मासूम बच्चों को जहर देकर मौत की नींद सुला दिया। महज 10 दिनों के भीतर भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी महिला और उसकी एक मददगार को हिरासत में ले लिया है।



वारदात का सिलसिला करीब 10 दिन पहले शुरू हुआ था, जब आरोपी महिला जस्सी कौर की बेटी की अचानक मौत हो गई। उस समय महिला ने परिजनों और ग्रामीणों को गुमराह करते हुए इसे सामान्य दर्द से हुई मौत बताया। ग्रामीणों ने उस वक्त मां की बातों पर यकीन कर लिया और बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन जब शुक्रवार रात जस्सी कौर के 7 साल के बेटे की भी संदिग्ध रूप से मौत हो गई, तो गांव वालों का माथा ठनका। सरपंच और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह पुलिस से संपर्क कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।



रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया। संदेह के आधार पर जब बच्चों की मां जस्सी कौर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जो सच उगला उसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। महिला ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी लक्खी सिंह और एक अन्य साथी मोटो कौर के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया था।



आरोपी महिला ने खुलासा किया कि उसके प्रेम संबंधों में ये बच्चे रुकावट बन रहे थे, इसलिए उसने खाने में चूहे मारने वाली दवा मिलाकर दोनों को बारी-बारी से मार डाला। पुलिस ने बुद्ध सिंह की शिकायत पर आरोपी जस्सी कौर, मोटो कौर और लक्खी सिंह के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जस्सी और मोटो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी लक्खी सिंह की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और गुस्से की लहर है।


#BathindaNews #PunjabCrime #MotherKillChildren #CrimeUpdate #HorrificIncident #BathindaPolice #ShockingNews #PunjabNews

Previous

पंजाबी एक्ट्रेस हिमांशी खुराना से 10 करोड़ की फिरौती की मांग: ईमेल और वॉयस नोट के जरिए मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी मोहाली पुलिस

Next

पुलिसकर्मी के बेटे की ओवरडोज से मौत, पिता ने शव सड़क पर रख सरकार के खिलाफ निकाला गुस्सा