समाधान शिविर में समस्याओं का निपटारा: नगराधीश अभिषेक गर्ग ने सुनीं जन-शिकायतें, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जे कुमार अम्बाला, 16 फरवरी 2026: अम्बाला जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में 'समाधान शिविर' का आयोजन किया गया। नगराधीश अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में नागरिकों ने अपनी पारिवारिक आय, राशन कार्ड और पेंशन जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
नगराधीश ने शिकायतों को सुनते हुए स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय बनाकर सभी प्राप्त शिकायतों का निपटारा एक निश्चित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।
शिविर के दौरान गाँव सम्भालखा के मोहन लाल ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने, बलदेव नगर के गुरमीत सिंह ने राशन कार्ड बनवाने और रतनगढ़ के जोगिंदर सिंह ने पारिवारिक प्रमाण पत्र व राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं रखीं। इसी तरह सरोज बाला ने अपनी पेंशन और अन्य प्रार्थियों ने प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाईं।
'क्रीड' विभाग के प्रतिनिधि गौरव ने मौके पर जानकारी दी कि रतनगढ़ के जोगिंदर सिंह की फैमिली इनकम कम करने की समस्या का नियमानुसार समाधान कर दिया गया है। इस अवसर पर बिजली विभाग से एसडीओ जोगिंदर, पुलिस इंस्पेक्टर राकेश मणी और लोक निर्माण विभाग से जेई सिद्धार्थ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
#AmbalaSamadhanShivir #PublicGrievanceRedressal #AmbalaAdministration #CitizenFirst #FamilyIDUpdate #RationCardNews #GovernanceEfficiency #AmbalaNewsUpdate