06/03/25

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर समारोह का नेतृत्व करेंगी

आरएस अनेजा, 06 मार्च नई दिल्ली

केंद्र सरकार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाएगी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, नई दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘नारी शक्ति से विकसित भारत’ विषय पर एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।

इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। इस अवसर पर #SheBuildsBharat के माध्यम से एक व्‍यापक अभियान भी चलाया जा रहा है

इस कार्यक्रम में सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों तथा दिल्ली पुलिस की महिला अधिकारियों के साथ-साथ ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की सदस्य आदि भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त, विभिन्न मंत्रालयों/विभागों की महिला अधिकारियों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में विश्व बैंक, यूनिसेफ, यूएन महिला, यूएनडीपी, यूएनएफपीए जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

उद्घाटन सत्र के बाद, दिनभर उच्च स्तरीय पैनल चर्चा कार्यक्रम जारी रहेगा। इस दौरान, तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एसटीईएम, व्यवसाय, खेल, मीडिया और शासन से जुड़ी प्रतिष्ठित महिला नेता एक साथ मंच पर मौजूद रहेंगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सरकार परिवर्तनकारी नीतियों और पहलों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने संकल्‍प में दृढ़ है। जैसे-जैसे भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा, नारी शक्ति आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की आधारशिला बनी रहेगी।

***

Previous

डॉ. मनसुख मांडविया ओलंपिक की तैयारी और खेल प्रशासन पर चिंतन शिविर का नेतृत्व करेंगे

Next

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने राष्ट्रीय कर्मयोगी जन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया