प्रधानमंत्री का 25 सितंबर को बांसवाड़ा दौरा- न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट का करेंगे शिलान्यास
एन.एस.बाछल, 21 सितम्बर, जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को बांसवाड़ा के नापला पहुंचे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 सितंबर को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभास्थल, हेलीपैड एवं पार्किंग स्थल सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए। भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर तैयार किए जाने वाले डोम तथा मंच के स्थान का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजाम सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में स्थानीय अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए तथा इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा की धरती से माही बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र सहित कई विकास परियोजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण की देश व प्रदेश को सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan