प्रधानमंत्री मोदी की ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ के अधिक पंजीकरण के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया
आरएस अनेजा, 05 अगस्त नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रमुख पहल, परीक्षा पे चर्चा (पीपीसी), जिसे शिक्षा मंत्रालय द्वारा मायगव के सहयोग से 2018 से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है, को “एक महीने में किसी नागरिक सहभागिता मंच पर सबसे अधिक लोगों के पंजीकरण” के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह मान्यता मायगव प्लेटफॉर्म पर आयोजित इस कार्यक्रम के 8वें संस्करण के दौरान प्राप्त 3.53 करोड़ वैध पंजीकरणों की अभूतपूर्व उपलब्धि का उत्सव मनाती है।
परीक्षा पे चर्चा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित एवं संचालित एक ऐसा अनूठा वैश्विक मंच है, जहां वे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करते हैं। यह पहल परीक्षा के मौसम को सकारात्मकता, तैयारी और उद्देश्यपूर्ण शिक्षा के उत्सव में बदल देती है, जिससे परीक्षाएं तनाव के बजाय प्रोत्साहन का एक अवसर बन जाती हैं।
नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में आधिकारिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान; केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेलवे तथा सूचना और प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव; केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री श्री जितिन प्रसाद; स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री संजय कुमार; मायगव के सीईओ श्री नंद कुमारम; और शिक्षा तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अन्य प्रमुख हितधारक भी उपस्थित थे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक श्री ऋषि नाथ ने इस रिकॉर्ड को मान्य और घोषित किया।
इस अवसर पर बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, तनाव को सीखने के उत्सव में बदलकर परीक्षा पे चर्चा को परीक्षाओं के प्रति एक राष्ट्रीय दृष्टिकोण के रूप में पुनर्परिभाषित किया गया है। प्रधान ने बताया कि 2025 में पीपीसी के 8वें संस्करण को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुल 21 करोड़ से अधिक दर्शकों ने देखा। उन्होंने आगे कहा कि पीपीसी 2025 में हुई भारी भागीदारी को समग्र एवं समावेशी शिक्षा के प्रति देश की सामूहिक प्रतिबद्धता और विकसित भारत के दृष्टिकोण के साथ समन्वय के रूप में देखा जा रहा है।
#pmmodi #parikshapecharcha