प्रधानमंत्री ने दुबई के क्राउन प्रिंस से मुलाकात की
आरएस अनेजा, 08 अप्रैल नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में दुबई के क्राउन प्रिंस (उत्तराधिकारी युवराज) शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से मुलाकात की।
मोदी ने भारत-संयुक्त अरब अमीरात संबंधों को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत-संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ाने में दुबई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा "दुबई के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से मिलकर प्रसन्नता हुई। दुबई ने भारत-संयुक्त अरब अमीरात व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह विशेष यात्रा हमारी गहरी मित्रता की पुष्टि करती है और भविष्य में सहयोग और मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करती है।
प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष संयुक्त अरब अमीरात की अपनी यात्रा को याद करते हुए, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक महामहिम मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के प्रति अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं। पिछले वर्ष अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने दुबई में विश्व सरकार शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मजबूत तथा ऐतिहासिक संबंधों में परंपरागत निरंतरता को दर्शाती है, तथा उन्होंने आपसी विश्वास और भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण पर आधारित स्थायी साझेदारी पर बल दिया।
उन्होंने विशेष रूप से व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, खेल और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में भारत- संयुक्त अरब अमीरात व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और भी अधिक मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले लगभग 4.3 मिलियन भारतीयों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया तथा दोनों देशों के बीच जीवंत संबंधों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।
***