15/06/25

जनप्रतिनिधि, अधिकारी आपसी समन्वय से कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति दें—सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री

एन.एस. बाछल, 15 जून, जयपुर।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा चूरू जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने शनिवार को चूरू जिले के रतनगढ़ ब्लॉक के बीरमसर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।

अविनाश गहलोत ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी समन्वय से कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों को गति दें। डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सर्वोदय के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत का प्रथम स्तर पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की जनता के प्रति जवाबदेहिता सुनिश्चित हो।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने 'वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान' के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि अभियान की सफलता के लिए जरूरी है कि अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन मिलकर काम करें। इसलिए अधिकतम जनसहभागिता के साथ अभियान की गतिविधियां आयोजित की जाए और अभियान को सफल बनाया जाए। हम अपने पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण व संवर्धन करें और जल बचाने की इस मुहिम में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करें।

अविनाश गहलोत ने 'राइजिंग राजस्थान' के अंतर्गत किए गए एमओयू को शत प्रतिशत धरातल पर उतारने, विशेष योग्यजनों के दिव्यांगता प्रमाण —पत्र बनवाने, पेंशन के भौतिक सत्यापन, बिजली व पानी की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित करने, सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य, बिजली के क्षतिग्रस्त खंभों व ढीले तारों को ठीक करवाने, अनुजा निगम की ऋण योजनाओं में अधिकतम लोगों को लाभान्वित कर स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित करने, पौधरोपण करने तथा वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान में गतिविधियों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिले में व्यवस्थाओं व गतिविधियों की जानकारी देते हुए जिला प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्थाओं व बेहतरीन प्रबंधन के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के लिए आश्वस्त किया।

इस दौरान सीईओ श्वेता कोचर, बीदासर एसडीएम अमीलाल, एसीईओ दुर्गा ढाका, तहसीलदार सज्जन कुमार लाटा, सानिवि एसई पंकज यादव, डिस्कॉम एसई आरपी वर्मा, सीडीईओ गोविंद सिंह राठौड़, बीडीओ जगदीश व्यास सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Previous

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने चूरू जिले के बीरमसर में किया 'वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान' के अंतर्गत जल पूजन

Next

सामुदायिक भागीदारी से ही साकार होगी जल संरक्षण एवं जल संचयन की संकल्पना