पठानकोट: ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 13.59 लाख की ठगी, हाईकोर्ट के दखल के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पठानकोट, 2 अप्रैल (अन्नू): पंजाब के पठानकोट में ऑनलाइन ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति को इंसाफ पाने के लिए तीन साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। आखिरकार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कड़े आदेश के बाद स्थानीय पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोबोटिक्स ट्रेडिंग का दिया था झांसा यह मामला मार्च 2023 का है। पीड़ित सोहन सिंह ने बताया कि 6 मार्च 2023 को उन्हें राजीव साहू नामक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को स्टॉक मार्केट का विशेषज्ञ बताया और दावा किया कि वे 'रोबोटिक्स' तकनीक के जरिए निवेश करवाते हैं, जिसमें जोखिम (रिस्क) बिल्कुल नहीं है और मुनाफा बहुत ज्यादा है। सोहन सिंह उनकी बातों में आ गए और ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 13.59 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसा मांगते ही बंद कर लिए फोन निवेश करने के काफी समय बाद भी जब कोई मुनाफा नहीं हुआ, तो सोहन सिंह को शक हुआ। उन्होंने जब आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए। तब सोहन सिंह को अहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं।
3 साल की लंबी कानूनी लड़ाई पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामला दर्ज करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। हार मानकर सोहन सिंह ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब तीन साल बाद, हाईकोर्ट के आदेश पर थाना साइबर क्राइम ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया।
#PathankotNews #CyberCrime #OnlineFraud #StockMarketScam #PunjabPolice #Justice #CyberSecurity #DanikKhabar