15/07/26

पंचकूलार: सेक्टर-5 में युवती से सोने की चेन झपटकर भाग रहा SPO गिरफ्तार, निजी कार सवार ASI और पत्नी ने पीछा कर दबोचा

पंचकूला, 15 जुलाई (अन्‍नू): पंचकूला के सेक्टर-5 में एक युवती से सोने की चेन झपटकर भागने के आरोप में गिरफ्तार युवक के पुलिस विभाग में ही तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) होने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपी की पहचान नारायणगढ़ निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात था।

हेलमेट लगाकर और नंबर प्लेट पर टेप चिपकाकर आया था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को सेक्टर-5 स्थित विशाल मेगामार्ट के पास एक युवती पैदल अपने घर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। उसने झपट्टा मारकर युवती के गले से सोने की चेन तोड़ ली और बाइक तेज रफ्तार में भगाकर मौके से फरार होने लगा। आरोपी ने अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर काली टेप चिपका रखी थी ताकि कोई उसका वास्तविक नंबर न पढ़ सके।

मसीहा बने निजी कार सवार एएसआई और उनकी पत्नी

संयोगवश उसी समय वहां से अपनी निजी कार में गुजर रहे एएसआई (ASI) विकास आनंद की नजर इस पूरी वारदात पर पड़ गई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तत्काल अपनी कार से आरोपी बाइक सवार का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर जाकर उन्होंने अपनी कार से आरोपी की बाइक को साइड से टक्कर मारकर रोक लिया। बाइक से गिरते ही एएसआई विकास आनंद और उनकी पत्नी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

चेन बरामद, सेक्टर-5 थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपी के कब्जे से युवती से छीनी गई सोने की चेन सकुशल बरामद कर ली गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सेक्टर-5 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी एसपीओ संजीव कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और विभाग उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी कर रहा है।

#PanchkulaNews #PanchkulaPolice #SPOGoneRogue #SnatchingCase #HaryanaCrime #ChandigarhNews #BreakingNews #CrimeUpdate #DanikKhabar

Previous

भारत के माल ढुलाई संचालन को मज़बूत करने के लिए 'रिफॉर्म एक्सप्रेस'

Next

कारगिल विजय दिवस 2026: रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय समर स्मारक से कारगिल युद्ध स्मारक तक मोटरसाइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया